डेस्क न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़
महानगर में आज शुक्रवार को रावण दहन मेले का आयोजन होगा। इसके लिए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त करने के साथ-साथ रूट डायवर्जन भी किया गया है। इसी दिन सुबह शहर में आरएसएस का पथ संचलन, सम्राट अशोक महान की धम्म शोभायात्रा व दोपहर में जुमे की नमाज भी होनी है। इसे लेकर भी सुरक्षा के अलग से इंतजाम किए गए हैं। इस सिलसिले में एसपी सिटी स्तर से सभी दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए। किसी भी स्तर पर गड़बड़ी न होने पाए, इसके लिए फोर्स को निर्देश जारी किए हैं। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरी शोभायात्रा सीसीटीवी कैमरों में कैद रहेगी। साथ ही रावण पुतला दहन स्थल की निगरानी ड्रोन के जरिए की जाएगी। शुक्रवार सुबह बीडीएस टीम से चेकिंग के बाद मेला स्थल सील कर दिया जाएगा और शाम को ही खोला जाएगा।
एसपी सिटी अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि इस आयोजन को लेकर शहर के चौकी क्षेत्रों को सेक्टरों में बांटा गया है। हर सेक्टर के प्रभारी की जिम्मेदारी होगी कि जब जुलूस उसके इलाके में पहुंचेगा तो वहां से निकलने तक पूरी तरह अलर्ट रहेगा। यातायात को भी डायवर्ट किया जा रहा है। मेला स्थल की नजरी, चेकिंग, बम निरोधक चेकिंग कराई जाएगी। साथ में मेला स्थल पर प्रवेश के लिए मैटल डिटेक्टर लगाए जाएंगे। इसी तरह आरएसएस के पथ संचलन, धम्म शोभायात्रा व दोपहर में जुमे की नमाज को लेकर सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। वहीं उन्होंने बताया कि शहर में जगह-जगह रावण दहन को लेकर भी अलग से सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं, वहां भी पुलिस ड्यूटी लगाई गई है।
डायवर्जन
1. दिल्ली बुलंदशहर की ओर से आने वाले समस्त वाहन शहर में प्रतिबंधित
2. आगरा मथुरा रोड की ओर से आने वाले समस्त वाहन शहर में प्रतिबंधित।
3. अतरौली रोड की ओर आने वाले समस्त वाहन भी शहर में प्रतिबंधित।
4. एटा कानपुर की ओर से आने वाले समस्त वाहन शहर में प्रतिबंधित।
नोट:-यह सभी वाहन बाहर बाईपास से ही गुजरेंगे, शहर के अंदर मेलों की समय लोग वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें-