डेस्क न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़
स्थानीय रेलवे स्टेशन पर बहुत समय से प्रतीक्षारत लिफ्ट की सेवा की शुरुआत मंगलवार को हो गई है। लेकिन कुछ सामाजिक संगठनों ने लिफ्ट के केवल एक ही प्लेटफार्म पर होने को लेकर सवाल भी उठाए हैं। जिससे दिव्यांग और वृद्धों को सुविधा प्रदान करने का मकसद ही अधूरा रह गया है।
करीब तीन वर्ष पहले रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर लिफ्ट के निर्माण की शुरुआत हुई थी। इसके बाद अब यह तैयार हुई है। इसके शुरू होने से दिव्यांग, वृद्धों को सबसे अधिक लाभ होगा। यह लिफ्ट प्लेटफार्म नंबर दो को सीधे फुट ओवर ब्रिज से जोड़ेगी। कुछ दिन पहले डीआरएम ने निरीक्षण के समय लिफ्ट का भी मुआयना किया था और इसके डिजायन में कुछ तकनीकी खामी की बात कही थी। जिसके बाद उसे सुधारा गया।
मंगलवार को लिफ्ट की विधिवत शुरुआत हो गई। लेकिन कुछ संगठनों ने केवल एक ही प्लेटफार्म पर लिफ्ट की सुविधा को लेकर सवाल उठाए हैं। नागरिक चेतना समिति के ठा. आनंदपाल सिंह ने कहा कि जब कोई दिव्यांग या वृद्ध प्लेटफार्म नंबर दो से लिफ्ट से ऊपर चढ़ेगा तो प्लेटफार्म नंबर तीन पर सीढ़ियों से ही उतरेगा। इससे उसे असुविधा होगी। इसी तरह जब कोई दिव्यांग प्लेटफार्म नंबर तीन से प्लेटफार्म नंबर दो पर आएगा तो पहले उसे सीढ़ियों से ही पुल पर चढ़ना होगा। इस तरह दिव्यांग और वृद्धों के लिए यह सुविधा आधी अधूरी ही है।