अमर उजाला ब्यूरो-
हाथरस। गांव नगलावीर सहाय में पॉलीहाउस के लिए विद्युत कनेक्शन देने के नाम पर एक जेई ने 50 हजार रुपये ले लिए। रुपयों की एक किश्त नकद ली गई तो दूसरी किश्त किसी दूसरे जेई के खाते में ट्रांसफर करा ली गई।
जब पीड़ित ने बिजली महकमे के दफ्तर में शिकायत की तो हड़कंप मच गया। इस मामले में एक्सईएन ने एसई को पूरी रिपोर्ट भेजकर उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
एक्सईएन तृतीय खंड अखिलेश कुमार ने बताया कि नगला वीरसहाय के आकाश शर्मा नाम के उपभोक्ता ने पॉली हाउस के लिए करीब पांच किलोवॉट का नलकूप कनेक्शन लिया, लेकिन कनेक्शन की एवज में जेई ने उससे 50 हजार रुपये सुविधा शुल्क के रूप में ले लिए। पीड़ित की शिकायत पर जेई से पूछताछ की गई तो जेई ने 50 हजार रुपये लिए जाने की बात स्वीकार भी ली है।
जेई ने 20 हजार रुपये कैश लिए और 30 हजार रुपये की दूसरी किश्त किसी दूसरे जेई के खाते में ट्रांसफर भी करवा दी। एक्सईएन ने बताया कि इस मामले की उच्च स्तरीय जांच के लिए अधीक्षण अभियंता को पत्र लिखा गया है। जांच में इस गोलमाल में कई और लोगों के नाम सामने आ सकते हैं। उन्होंने बताया कि मामले की निष्पक्ष तरीके से जांच की जाएगी। उपभोक्ताओं के साथ किसी भी तरह का भेदभाव स्वीकार नहीं किया जाएगा।
--------- ं