न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
रीवा एक्सप्रेस का एलएसआर कोच अलीगढ़ में नहीं खुल पाने के कारण रीवा की एक बाइक दिल्ली से रीवा के बीच चक्कर लगा रही है। बाइक स्वामी इस बात से खासे परेशान हैं, उन्होंने परेशान होकर रेलवे के आला अधिकारियों से इसकी शिकायत कर दी है।
मध्य प्रदेश के रीवा जनपद निवासी हितेंद्र दत्त शर्मा जेपी ग्रुप में डिप्टी जनरल मैनेजर के पद पर तैनात हैं। हाल ही में उन्होंने क्वार्सी के पास कुलदीप विहार में एक फ्लैट खरीदा है।
सात मई को उन्होंने बाइक रीवा एक्सप्रेस से अलीगढ़ भेजने के लिए बुक कराई थी। इसी ट्रेन के एसी कोच में वो खुद सवार थे। ट्रेन यहां दो मिनट ठहर कर दिल्ली चली गई। इस बीच हितेंद्र के कई प्रयास के बाद भी ट्रेन के एसएलआर कोच की सील नहीं खुली और बाइक नहीं उतर सकी। ये बाइक 8 मई की सुबह दिल्ली पहुंच गई।
शिकायत हुई तो बाइक को अलीगढ़ रवाना किया गया लेकिन इस बार भी बाइक नहीं उतरी और 11 मई को रीवा पहुंच गई। अभी तक हितेंद्र रेलवे के पार्सल कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं। उन्होंने पूरे मामले की शिकायत रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों से कर दी है। इस मामले में वाणिज्य निरीक्षक हनुमान मीणा ने जांच शुरू करा दी है।