न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
पिछले सप्ताह हुई बारिश ने किसानों की ही नहीं क्रय केंद्रों की खरीद भी प्रभावित की है। विशेष रूप से वर्षा से प्रभावित इगलास, गोंडा, खैर ब्लाक में बारिश की वजह से गेहूं का दाना मानक से ज्यादा नमी पकड़ गया है। किसान गीला गेहूं लेकर क्रय केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। हालांकि अन्य ब्लाकों में स्थिति अब सामान्य की ओर जाती दिख रही है।
पिछले सप्ताह तीन दिन हुई वर्षा से जनपद में गेहूं की फसल को खासा नुकसान हुआ है। विशेष रूप से जनपद के इगलास, खैर एवं गोंडा ब्लाक में बारिश से गेहूं की बालियाें में नमी आ गई है।
कई अन्य स्थानों पर भी खेतों में कटा पड़ा गेहूं नमी पकड़ गया है। इससे गेहूं के दाने की चमक कम हुई तो उसमें कालापन आ गया है। हालांकि पिछले दो दिनों में अच्छी धूप निकली है, लेकिन नम गेहूं अभी भी गीला है।
इगलास समेत तीनों ब्लाकों के दर्जनों गांवों के किसानों के गेहूं में नमी 15 से 18 फीसदी तक आंकी गई है। किसान यही गीला गेहूं लेकर क्रय केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। इसके चलते इसकी खरीद नहीं हो पा रही है।
गेहूं खरीद के नोडल अफसर एवं एडीएम वित्त एवं राजस्व बच्चू सिंह ने बताया कि क्रय केंद्रों पर खरीद सामान्य है। अब तक 13 हजार मीट्रिक टन खरीद हो गई है। कुछ केंद्रों पर गीला गेहूं अवश्य आ रहा है, लेकिन 12 फीसदी तक नमी वाला गेहूं स्वीकार किया जा रहा है। तेज धूप निकलती रही तो स्थिति सामान्य हो जाएगी।