न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं भाजपा अध्यक्ष अमित शाह द्वारा शिक्षित बेरोजगार युवाओं को नौकरी न मिलने पर पकौड़े बेचकर स्वरोजगार करने की सलाह से नाराज कांग्रेसियों ने गुरुवार को सेंटर प्वाइंट पर पकौड़े बेचकर विरोध जताया। उन्होंने सेंटर प्वाइंट चौराहे पर बाकायदा प्रधानमंत्री पकौड़ा रोजगार योजना का बैनर लगाकर ठेले पर पकौड़े बेचे।
प्रथम ग्राहक के रूप में पहुंचे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं महानगर अध्यक्ष विवेक बंसल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी लच्छेदार बातों से जनता एवं युवा बेरोजगारों को भ्रमित करने का कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने ऐसा कोई कार्य नहीं किया जिससे ऐसा लगे कि उनकी सरकार युवाओं के लिए कुछ कर रही है। स्थिति यहां तक पहुंच गई है कि मोदी सरकार युवा बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराने में विफल रहने पर पकौड़े बेचकर स्व रोजगार करने कि सलाह दे रही है।
हम उनसे पूछना चाहते हैं कि अमित शाह के पुत्र जय शाह और अजीत डोभाल के पुत्र शौर्य डोभाल ने भी क्या पकौड़े बेचकर अकूत संपत्ति अर्जित की है। युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अविनाश शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री शिक्षित युवाओं को नौकरी देने में पूर्ण रूप से असफल हुए हैं और बेशर्मी की हदें पार कर युवाओं को पकौड़े बेचने की सलाह दे रहे हैं।
युवा कांग्रेस के शहर अध्यक्ष आनंद बघेल ने कहा कि युवा कांग्रेस शहर के अन्य मुख्य स्थानों पर भी पकौड़े की ढकेल लगाएगी और जनता के बीच में इस बेशर्म मोदी सरकार की पोल खोलेगी।
इस अवसर पर नीलाभ भार्गव, अमजद हुसैन, मोहम्मद शारिक, सागर सिंह तोमर, योगेश यादव, राहुल दीक्षित, सौरभ पाराशर, अफ्फु अहमद, गजेंद्र पचौरी, विनोद कश्यप, आमिर खान, उमेश अग्रवाल, हबीब मलिक, अब्दुल्लाह राशिद, गुलज़ार अहमद, प्रदीप शर्मा, बॉबी वसी, मोहम्मद सलमान, विजय लक्ष्मी सिंह, सिराजुद्दीन पप्पन, शाहरुख़ खान, बिजेंद्र सिंह बघेल, बुंदु खान, नफीस शेरवानी, आमिल हुसैन, शाहिद खान, राशिद अली, जफरुद्दीन गददी, अविनाश कुमार आदि उपस्थित थे।