दबोचा गया अंतरजनपदीय लुटेरा गैंग, एक फरार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
खैर क्षेत्र में पनीर व्यापारी से हुई लूट को अंतरजनपदीय लुटेरों के गैंग ने अंजाम दिया था। थाना पुलिस ने सर्विलांस टीम की मदद से यह खुलासा करते हुए तीन लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि इस गैंग का एक साथी भागने में सफल रहा है। पकड़े गए बदमाशों ने खैर व टप्पल क्षेत्र में राहजनी व लूट की अन्य घटनाएं भी स्वीकारी हैं। पुलिस की इस सफलता पर एसएसपी ने शाबासी दी है।
एसएसपी राजेश पांडेय ने शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि 21 जनवरी की सुबह खैर क्षेत्र में पनीर व्यापारी से हुई 1.72 लाख की लूट के खुलासे के लिए एसपी देहात डॉ. यशवीर सिंह व प्रशिक्षु सीओ अर्पित कपूर के नेतृत्व में पुलिस टीम लगी हुई थी। इसी दौरान सर्विलांस टीम की मदद से 25 जनवरी की रात टीम ने मुठभेड़ के बाद गौमत बाजना रोड पर शिवाला नहर पुल से अंतरजनपदीय लुटेरा गैंग के तीन सदस्यों को दबोच लिया, जबकि उनका एक साथी भाग जाने में सफल रहा।
पकड़े गए बदमाशों ने अपने नाम राहुल निवासी तिलपता थाना सूरजपुर गौतमबुद्ध नगर, शेरी निवासी चांदपुर कला थाना नौहझील मथुरा व देवेंद्र उर्फ बिट्टा निवासी बेहटा हाजीपुर थाना लोनी बार्डर गाजियाबाद बताए और फरार साथी का नाम गोविंद उर्फ गोलू निवासी कचेड़ा थाना बादलपुर गौतमबुद्ध नगर बताया। उन्होंने इस इलाके में टप्पल, पिसावा, दादरी, गौतमबुद्ध नगर आदि भी लूट आदि की सात घटनाओं का करना स्वीकार किया।
उनके कब्जे से पनीर व्यापारी से लूटी गई रकम में से 15 हजार रुपये, लूट में प्रयुक्त स्विफ्ट वीडीआई, तमंचे आदि बरामद हुए। इस गिरफ्तारी टीम में एसएसआई पवन चौधरी के अलावा सर्विलांस टीम के अभय शर्मा, एमपी सिंह, सुभाष, ज्ञानवीर, सुखवीर, ऋषि की भूमिका रही। इस मौके पर सीओ तेजवीर सिंह व इंस्पेक्टर दिनेश दुबे भी मौजूद रहे।