खत्म हो सकती है शादी अनुदान योजना
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
गरीब बेटियों की शादी के लिए चल रही शादी अनुदान योजना खत्म हो सकती है। मंगलवार को दौरे पर आई समाज कल्याण राज्य मंत्री गुलाबो देवी ने इसके संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा है कि सरकार जल्द ही सामूहिक विवाह योजना लागू करने जा रही है, इसकी तैयारी चल रही है। योजना में गरीब बेटियों को अलग-अलग अनुदान देने के बजाय उनके आवेदन एकत्र कर सामूहिक विवाह कराया जाएगा। योजना जल्द ही लांच की जाएगी।
----------
अब गरीब की बेटी की होगी धूमधाम से शादी
अलीगढ़। सामूहिक विवाह योजना में समाज कल्याण विभाग कई बेटियों के आवेदन एकत्र कर उच्चाधिकारियों के परामर्श से एक तिथि निर्धारित करेगा और सभी के सामूहिक विवाह के इंतजाम करेगा। इस काम में सांसद, विधायक से लेकर अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ स्वयंसेवी संस्थाओं का सहयोग लिया जाएगा। इनकी चैरिटी से शादी में वर-वधु को कपड़ों से लेकर दैनिक जरूरतों का सामान व अन्य उपहार दिए जाएंगे।
-----------
संकट में शादी अनुदान के 800 आवेदन
अलीगढ़। शादी अनुदान योजना में अलीगढ़ में 800 आवेदन लंबे समय से लंबित पड़े हुए हैं। शासन ने फिलहाल इनके लिए बजट पर रोक लगा दी गई है। यदि नई योजना लागू हुई और इस योजना को खत्म किया गया तो इन सभी आवेदक बेटियों और उनके अभिभावकों को मनमसोस कर रह जाना होगा।
शासन ने शादी अनुदान योजना में लंबित 800 मामलों में बजट निकासी पर रोक लगा दी है। सामूहिक विवाह योजना का अभी शासन स्तर से आदेश जारी नहीं हुआ है। इसके जल्द आने की संभावना है।
नगेंद्र पाल सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी