मुक्त अपहृत बच्चा परिजनों को सौंपा
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
दिल्ली से बनारस जा रही शिवगंगा एक्सप्रेस से सोमवार रात बरामद हुए अपहृत बच्चा जीआरपी ने मंगलवार को परिजनों को सौंप दिया और आरोपी अपहर्ता सुशील को दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया।
जीआरपी एसओ सत्यप्रकाश ने बताया कि अपहृत बालक सात वर्षीय दानिश पुत्र चांद खां को उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजन सुबह ही दिल्ली से अलीगढ़ आ गए थे।
दानिश को सुशील नाम का युवक शिवगंगा एक्सप्रेस से उन्नाव ले जा रहा था। अलीगढ़ से पहले ही दानिश के शोर मचाने के बाद यात्रियों ने पुलिस के हेल्पलाइन नंबर पर मदद मांगी। जिसके बाद अलीगढ़ में नहीं ठहरने वाली इस ट्रेन को रुकवा कर दानिश को उतारा गया और सुशील को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था।
दानिश के पिता चांद खां मूल रूप से बिहार के बेगू सराय के निवासी हैं, जो रोजगार के कारण दिल्ली के नबी करीम थाना क्षेत्र के यमुना बाजार में रहते हैं। सोमवार को दानिश घर से खेलते खेलते दूर निकल गया था, जहां उसे सुशील मिला।
सुशील उसे अपने साथ लेकर उन्नाव जा रहा था तभी रास्ते में पकड़ा गया। सुशील मूल रूप से उन्नाव जिले के खेड़ा बुढ़ासी थाना बिहार का रहने वाला है, जो दिल्ली में लोडिंग अनलोडिंग का काम करता है।
नबी करीम थाने में चांद खां ने अपने बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। चांद खां के साथ आई थाना नबी करीम की पुलिस अलीगढ़ आई थी और आरोपी सुशील को अपने साथ ले गई। अब वहीं पर मुकदमे के अनुसार कार्रवाई होगी।