दो दिन में भर जाएंगे जलाली मोड़ से बंबे तक की सड़क के घाव
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
जलाली मोड़ से बंबे तक की जर्जर पड़ी डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क के घाव दो दिन में भर जाएंगे। नगर पंचायत की ईओ के आदेश पर ठेकेदार ने मरम्मत का काम शुरू करा दिया है।
जलाली मोड़ से बंबे तक की डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क इस समय इतनी जर्जर हो चुकी है कि उसमें बड़े बड़े गड्ढे हो गए हैं। बारिश से इन गड्ढों में पानी भरने से राहगीर एवं वाहन स्वामियों का राह चलना भी मुश्किल हो गया है। मामला प्रकाश में आने पर सोमवार को जलाली नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी ने सड़क का दौरा किया।
ठेकेदार को मौके पर बुलाकर 48 घंटे के अंदर सभी गड्ढों की मरम्मत कराने के आदेश जारी कर दिए। ईओ महिमा मिश्रा ने बताया कि यह सड़क पांच वर्ष पहले बनी थी। हाल ही में चले गड्ढा मुक्ति अभियान से इसका कोई लेना देना नहीं है। अभियान के दौरान इसकी हालत ठीक थी। नगर पंचायत इसकी मरम्मत 48 घंटे में करा देगा। लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।