रुपये मांगने पर दुकानदार का सिर फोड़ा
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
कोतवाली क्षेत्र के बाबरी मंडी बजरिया में सामान के रुपये मांगने पर दबंगों ने दुकान में तोड़फोड़ करते हुए दुकानदार से मारपीट कर उसका सिर फाड़ दिया। यह देख इलाके में भगदड़ मच गई।
खबर पाकर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं एक आरोपी को मौके से दबोचकर थाने भेज दिया। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
बाबरी मंडी बजरिया निवासी तनुज वार्ष्णेय की जनरल स्टोर की दुकान हैं। मंगलवार देर रात दुकान पर मोहल्ले के कुछ दबंग युवक आए। उन्होंने तनुज से सामान खरीदा लिया।
तनुज ने रुपये मांगे तो आरोप है कि युवक आंख दिखाने लगे। इसको लेकर वहां तनातनी के बाद आरोपियों ने तनुज से मारपीट कर उसका सिर फोड़ दिया और दुकान में तोड़फोड़ कर दी। सूचना पर जयगंज चौकी से दरोगा पहुंचे और एक आरोपी को दबोचकर थाने भेज दिया।
फिलहाल पुलिस मामले की पड़ताल में लगी है। इधर, इसी तरह सिविल लाइंस के अमीर निशा बाजार में देर रात खरीददारी के दौरान रुपयों को लेकर दुकान पर दो पक्षों में मारपीट हो गई। यहां भी एक युवक के सिर में चोट आई है और खबर पर पहुंची पुलिस आरोपियों को थाने ले गई है।