आज करें रक्तदान, बचाएं तीन जान
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
हर वर्ष की तरह इस बार भी विश्व रक्तदाता दिवस के मौके पर अमर उजाला के विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन बुधवार को मलखान सिंह जिला अस्पताल में होगा। अस्पताल के वातानुकूलित सभागार में सुबह साढ़े नौ बजे से रक्तदान शुरू हो जाएगा।
जिलाधिकारी ऋषिकेश भास्कर याशोद और एसएसपी राजेश पांडेय सुबह साढ़े दस बजे संयुक्त रूप से रक्तदान शिविर और जागरूकता संगोष्ठी का शुभारंभ करेंगे। यहां अपर निदेशक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डा. गीता प्रधान, सीएमओ डा. एमएल अग्रवाल, मलखान सिंह जिला अस्पताल के सीएमएस डा. हीरा सिंह, पं दीनदयाल संयुक्त चिकित्सालय की सीएमएस डा. याचना शर्मा सहित डा. राहुल कुलश्रेष्ठ, जिला ब्लड बैक प्रभारी डा. अनुराग राजवंशी भी मौजूद रहेंगे।
डॉ. अनुराग कुमार राजवंशी कहते हैं कि डायबिटीज से पीड़ित व्यक्ति भी रक्तदान कर सकते हैं, बशर्ते वो इंसुलिन का इंजेक्शन नहीं लेते हों। शिविर में चिकित्सक और समाजसेवी रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर कर इसके फायदे बताएंगे। मसलन, किसी भी व्यक्ति द्वारा एक यूनिट रक्तदान से तीन व्यक्तियों का जीवन बचाया जा सकता है। रक्तदान से शरीर पर किसी प्रकार का नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ता है।
सहयोगी संस्थाएं
अलीगढ़। अमर उजाला के रक्तदान कार्यक्रम में अलीगढ़ उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल कंछल गुट, उद्योग व्यापार संगठन के पदाधिकारी शामिल होंगे। श्री कुंवर किरन सामाजिक जन चेतना समिति रक्तदाताओं को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित करेगी। पर्यावरण सुरक्षा समिति हरितिमा, सत्य मन मानव सेवा सोसायटी, श्यामपुर गभाना, उड़ान सोसाइटी, शिव शनि सेवा समिति, स्वर साधना संस्था, अलीगढ़ क्रिएटिव क्लब आदि संस्थाएं इसमें भाग लेंगी। नव चेतना समिति, नई उड़ान फाउंडेशन, पुलिस आपदा प्रबंधन यूनिट के पदाधिकारियों ने भी रक्तदान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की बात कही है।