कानों के कुंडल लूटकर बदमाश फरार, आक्रोश
ब्यूरो, अमर उजाला, जट्टारी।
कस्बा जट्टारी के निकटवर्ती ग्राम फाजिलपुर में टाटा 407 में सवार आधा दर्जन लुटेरों ने हथियारों के बल पर दो महिलाओं से मारपीट कर कानों के कुंडल लूट लिए। पुलिस के देरी से पहुंचने पर पीड़ित के परिवार में आक्रोश पनप गया।
बताया जाता है कि प्रेमकुमार पुत्र विक्रम सिंह कस्बा जट्टारी के माजरा फाजिलपुर में माइनर के किनारे पर बने मकान में रहते है। गुरुवार सुबह लगभग तीन बजे के करीब टाटा 407 मेटाडोर में सवार सात-आठ बदमाश लुटेरे आ धमके और प्रेमकुमार की पत्नी महेंद्र देवी को चारपाई पर सोते हुए दबोच लिया।
तमंचा दिखाकर वे लोग घर में तलाशी लेने लगे। घर में मौजूद कुत्ते ने एक को काट लिया। इससे घबराकर बदमाश प्रेमवती के कानों के कुंडल उतरवा ले गए।
उसके बाद उन बदमाशों ने थोड़ी दूरी पर आगे बाबूजी कांवेंट स्कूल के निकट श्रीपाल पुत्र परसादी के मकान पर पहुंचे। यहां श्रीपाल की पत्नी सुमन के कानों के कुंडलों को खींच लिया, जिससे महिला के कान फट गए। शोर मचाने पर आए पति की बदमाशों से मारपीट हो गई।
शोरशराबा सुनकर आसपास के पड़ोसी ने अपनी लाइसेंसी हथियार से एक फायरिंग किया। इससे घबराकर बदमाश माइनर की पटरी से गाड़ी को लेकर भाग गए।
पीड़िता ने बताया कि पुलिस सूचना के एक घंटे बाद पहुंची। यदि पुलिस समय से आती तो बदमाशों को पकड़ा जा सकता था, क्योंकि रास्ता बड़ा ऊबड़ खाबड़ है। इस लेटलतीफी से ग्रामीणों में आक्रोश पनप उठा।