क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
रेलवे जंक्शन से फिरोजाबाद जाने को ट्रेन में सवार हुए अचल ताल के एक वृद्ध की दाऊ द खां स्टेशन पर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उनके पेट में तेज दर्द उठा था। इसके बाद वह दाऊद खां पर उतर गए। वहां बैठे-बैठे उन्होंने दम तोड़ दिया। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
कमल (55) पुत्र सत्यप्रकाश निवासी अचल ताल, गांधी पार्क की फिरोजाबाद में रिश्तेदारी है। बेटे अशोक ने बताया कि पिता बुधवार शाम को ट्रेन से फिरोजाबाद जाने को घर से निकले थे। शाम करीब छह बजे उन्होंने फोन कर बताया कि ट्रेन में बैठे-बैठे अचानक उनके पेट में दर्द उठने लगा है। वह दाऊद खां स्टेशन पर उतर गए हैं।
इसके बाद परिजन उन्हें लेने के लिए दाऊद खां स्टेशन पर पहुंचे तो उन्हें बेंच पर उनका शव मिला। इस बात की सूचना जीआरपी को दी तो उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की स्थिति स्पष्ट नहीं होने पर डाक्टरों ने विसरा संरक्षित कर विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेज दिया है। इधर, कमल की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।