न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
थाना देहली गेट चौराहे पर मसजिद के चारों ओर बनी दुकानों पर बकाया वसूलने गई नगर निगम की टीम का विरोध करते हुए स्थानीय लोगों ने घेर लिया और विरोध प्रदर्शन किया। सूचना पर इलाका पुलिस भी पहुंच गई।
लोगों ने शहर विधायक संजीव राजा, कोल विधायक अनिल पाराशर और पूर्व मेयर शकुंतला भारती को भी बुला लिया। पूरे मामले को समझने के बाद दुकानदारों को बकाया जमा करने के लिए दो दिन की मोहलत दी गई है, तब मामला शांत हुआ।
नगर निगम के कर अधीक्षक और मीडिया प्रभारी सभापति यादव ने बताया कि प्रतिदिन राजस्व लक्ष्य की पूर्ति के लिए बकाएदारों पर तालाबंदी और वसूली की कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में गुरुवार को नगर निगम की टीम जोन प्रभारी राजेंद्र कुमार के नेतृत्व में देहली गेट चौराहे स्थित मसजिद पर पहुंची।
यहां पर करीब 25 दुकानों पर 70 हजार रुपये बकाया था। जब दुकानें बंद करने की कार्यवाही की जाने लगी, तो दुकानदार विरोध में उतर आए और नगर निगम की टीम को घेर लिया। सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंच गई। लोगों ने शहर विधायक संजीव राजा, कोल विधायक अनिल पाराशर और पूर्व मेयर शकुंतला भारती को भी बुलाया।
भाजपा नेताओं को बताया गया कि शासन का लक्ष्य पूरा करने के लिए वसूली अभियान चल रहा है, बकायेदारों के भवनों और दुकानाें पर तालाबंदी हो रही है। इस पर भाजपा नेताओं ने मानवता के आधार पर दुकानदारों को दो दिन की मोहलत देने की बात कही, जिसे नगर निगम ने स्वीकार कर लिया। इसके बाद ही मामला शांत हुआ।