न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
गुरुवार रात से अलीगढ़, टप्पल, जेवर मार्ग पर प्राइवेट बसों के पहिये थम जाएंगे। अलीगढ़, टप्पल, जेवर, बाजना बस आपरेटर्स यूनियन ने विज्ञप्ति जारी कर यह ऐलान किया है। उन्होंने एसडीएम कोल पर उत्पीड़न का आरोप जड़ते हुए कहा कि उनकी मुख्यमंत्री से शिकायत की गई है। चेतावनी दी कि जब तक एसडीएम कोल के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक बसों का संचालन बंद रहेगा।
एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहन दत्त शर्मा टीटू भईया ने आरोप लगाया कि एडीएम कोल जोगेंद्र सिंह बस ऑपरेटरों, मालिक, चालक व परिचालकों को परेशान करते हैं। अभी हाल ही में उन्होंने नादा पुल और अन्य जगहों से बस चालक-परिचालकों के खिलाफ कार्यवाही की है। आरोप लगाया कि साथ रहने वाला स्टाफ भी उनसे अभद्रता करता है। उन्होंने कहा है इसकी शिकायत उन्होंने मुख्यमंत्री से कर दी है। जब तक एसडीएम कोल पर कार्यवाही नहीं होती बसों का संचालन बंद रहेगा। गुरुवार को आरटीओ आफिस पर भी धरना देंगे। अफसरों का यही रवैया रहा तो आपरेटर अपनी बसों को चुनावी प्रक्रिया में नहीं देंगे। एसडीएम कोल जोगिंदर सिंह ने आपरेटरों के सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है।
उन्होंने कहा कि प्राइवेट बस अड्डों को शहर से बाहर किये जाने एवं प्राइवेट बस अड्डे स्थापित किये जाने के बावजूद चोरी छिपे बसों को अंदर ला रहे हैं। रोके जाने पर अनर्गल आरोप लगा रहे हैं।