डेस्क न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) में चल रही नॉर्थ जोन अंतर विश्वविद्यालय हॉकी प्रतियोगिता के पांचवें दिन व लीग मैच के पहले दिन मेजबान एएमयू व पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला ने जीत से आगाज किया।
बुधवार को एएमयू के सिंथेटिक मैदान पर एएमयू व गुरुनानक देव यूनिवर्सिटी के बीच मैच खेला गया। मैच के पहले हाफ के 7वें मिनट में एएमयू के फारवर्ड खिलाड़ी आबिद अली ने मैदानी गोल करके टीम को 1-0 से बढ़त दिला दी। एएमयू खिलाड़ियों ने आक्रामक हॉकी खेली। अमृतसर के खिलाड़ियों में तालमेल की कमी दिखी। आबिद ने अपना व टीम की ओर से दूसरा गोल करके टीम की बढ़त 2-0 से दिला दी। यह बढ़त मैच खत्म होने तक कायम रही। एएमयू के खिलाड़ी मिले पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में नहीं बदल सके। एएमयू ने अमृतसर को 2-0 से हरा दिया। इससे पहले पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला व पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ के बीच खेला गया।
पटियाला के खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल दिखाते हुए विपक्षी टीम पर मैच समाप्ति तक दबाव बनाए रखा। मैच के पहले हाफ में पटियाला के गुर महक सिंह ने गोल करके अपनी टीम को 1-0 से बढ़त दिलाई। इसके बाद जतिन ने भी गोल दागकर टीम की बढ़त 2-0 कर दी। कुछ देर बाद जसविंदर सिंह ने एक गोल करके टीम की बढ़त 3-0 कर दी। पहले हाफ में चंडीगढ़ टीम के खिलाड़ियों में तालमेल की कमी नजर आई, जिसका पटियाला के खिलाड़ियों ने भरपूर फायदा उठाया। फारवर्ड खिलाड़ी जगजीत सिंह ने एक और गोल कर के टीम की बढ़त 4-0 कर दी। दूसरे हाफ में चंडीगढ़ खिलाड़ियों ने मैच में वापसी की। हरप्रीत सिंह ने लगातार तीन गोल करके गोल के अंतर को कम किया। मैच खत्म होने से 15 मिनट पहले तक पटियाला 4-3 से आगे थी। पटियाला के लगजीत सिंह ने अपना दूसरा और टीम की तरफ से पांचवां गोल करके बढ़त तीन कर दी। मैच खत्म होने के 4 मिनट पहले चंडीगढ़ के दीपक कुमार ने गोल कर दिया।
इसके बाद चंडीगढ़ के खिलाड़ियों को कई मौके मिले, लेकिन उन मौकों को गोल में तब्दील नहीं कर सके। आखिरकार पटियाला ने चंडीगढ़ को 5-4 गोल से हरा दिया। रेफरी की भूमिका में इमरान उल हक, जावेद, टेक्निकल डायरेक्टर नवेद जिया, टेक्निकल टेबल पर नगेंद्र सिंह रहे। इस मौके पर गेम्स कमेटी के सचिव प्रो. अमजद अली रिजवी, डिप्टी डायरेक्टर अनीस उर रहमान, असिस्टेंट डायरेक्टर अरशद महमूद, तौफीक अहमद आदि मौजूद रहे।
आज के मुकाबले
गुरुवार को सिंथेटिक मैदान पर दोपहर डेढ़ बजे से गुरुनानक देव यूनिवर्सिटी अमृतसर व पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला के बीच खेला जाएगा। दोपहर तीन बजे से मेजबान एएमयू व पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ के बीच मैच खेला जाएगा।