न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
अलीगढ़ विकास प्राधिकरण की 72वीं बोर्ड बैठक गुरुवार दोपहर तीन बजे से सभागार में होगी। अलीगढ़ विकास प्राधिकरण के सभागार में होने वाली इस बैठक की अध्यक्षता मंडलायुक्त अजय दीप सिंह करेंगे।
बैठक में 63 करोड़ रुपये का सालाना बजट पेश किया जाएगा। जिस पर बोर्ड अपनी मुहर लगा कर पास करेगा। इस 63 करोड़ रुपये के बजट में कर्मचारियों का वेतन भत्ता, पेंशन सहित अन्य भुगतान व कुछ विकास कार्य शामिल होंगे।
बोर्ड बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सस्ते आवास देने, बरौला जाफराबाद में जमीन को लेकर प्रशासनिक पहल, जिले में औद्योगिक विकास को लेकर जमीनों की तलाश सहित अन्य मुद्दों पर बात होगी।
यहां पर शहर की ट्रैफिक लाइट, स्पीड ब्रेकर और प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण को लेकर भी बात होगी। एडीए सचिव डीएस भदौरिया ने बताया बैठक की अध्यक्षता मंडलायुक्त अजय दीप सिंह करेंगे और उनके निर्देश पर ही फैसले होंगे।