न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
यूपी बोर्ड परीक्षा में सोमवार को इंटरमीडिएट की नागरिक शास्त्र, जीव विज्ञान व अधिकोषण तत्व की परीक्षा में 11594 परीक्षार्थियों ने मैदान छोड़ दिया, जबकि जीव विज्ञान की परीक्षा में 10404 परीक्षार्थी गैर हाजिर रहे।
दोपहर की पाली में इंटरमीडिएट की नागरिक शास्त्र (द्वितीय), जीव विज्ञान, अधिकोषण तत्व (प्रथम) विषय की परीक्षा थी। तीनों प्रश्न पत्र में 35264 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें 23670 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए।
नागरिक शास्त्र (द्वितीय) में 5171 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें 4068 ने परीक्षा दी, जबकि 1103 ने परीक्षा छोड़ दी। इसी तरह जीव विज्ञान (प्रथम) की परीक्षा में 29292 परीक्षार्थी पंजीकृत थे।
इसमें 18888 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। वहीं, अधिकोषण तत्व (प्रथम) की परीक्षा में 801 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जबकि 714 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी।
इंटर की रसायन विज्ञान की पुनर्परीक्षा 13 को
यूपी बोर्ड के लाला राम श्री देवी इंटर कॉलेज भुड़िया छबीलपुर के परीक्षा केंद्र पर निरस्त इंटर की रसायन विज्ञान के द्वितीय प्रश्नपत्र की पुनर्परीक्षा 13 मार्च को अलीगढ़ में होगी। संयुक्त शिक्षा निदेशक अलीगढ़ मंडल की आख्या व संस्तुति पर 22 फरवरी को हुई रसायन विज्ञान के द्वितीय प्रश्न पत्र की परीक्षा निरस्त कर दी गई थी। अब पुनर्परीक्षा दोपहर दो बजे से गोपीराम पालीवाल इंटर कॉलेज में होगी।