क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के प्रमुख क्वार्सी चौराहे पर शनिवार शाम ट्रक की चपेट में आए बाइक सवार युवक की मौत हो गई। इस सूचना पर पहुंचे परिजनों व रिश्तेदारों ने जमकर हंगामा काटा और ट्रक चालक को दबोचकर पीटते हुए जाम लगाने की कोशिश की। खबर पर पहुंची पुलिस जब शव ले जाने लगी तो पुलिस से खींचतान हुई। बाद में क्वार्सी चुंगी पर भी पुलिस को शव ले जाते समय रोका गया। किसी तरह समझा-बुझाकर पब्लिक को शांत किया गया। फिलहाल शव मोरचरी में रखवा दिया गया है।
वाकया इस तरह हुआ कि 22 वर्षीय पप्पू पुत्र हरपाल निवासी मुरथला सेक्टर 31 नोएडा के मामा किशोरीलाल यहां पीएसी के सामने रहते हैं। मामा के यहां गमी होने के कारण वह होली पर घूमने आया था।
शनिवार शाम करीब 6 बजे वह मामा के बेटे हेमंत संग बाइक से बाजार की ओर जा रहा था, तभी क्वार्सी चौराहे से चंद कदम पहले बालू ठेके के पास इधर से जाते ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी।
इस दुर्घटना में पप्पू की मौके पर मौत हो गई, जबकि हेमंत जख्मी हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने शोर मचाकर ट्रक को चालक सहित घेर लिया। सूचना पर परिजन व रिश्तेदार भी आ गए।
उन्होंने चालक की पिटाई कर दी। यहां हंगामा करते हुए जाम लगाने की कोशिश की गई। मगर खबर पर पहुंची पुलिस ने शव ले जाने का प्रयास किया तो भीड़ ने खींचतान कर शव नहीं ले जाने दिया। किसी तरह पुलिस शव लेकर चली तो भीड़ पीछे लग गई और क्वार्सी चुंगी पर भी शव को रोकने की कोशिश हुई।
तब तक इंस्पेक्टर क्वार्सी व सिविल लाइंस भी आ गए। उन्होंने समझाकर शांत कर शव को मोरचरी भिजवाया। जहां बाद में रोते-बिलखते परिजन भी पहुंच गए। इंस्पेक्टर राघवेंद्र सिंह के अनुसार चालक हिरासत में ले लिया गया है। ट्रक भी थाने में खड़ा करा दिया है। तहरीर आदि के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।