सीएम के हाथों से मिलेगा माया को सम्मान
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
सभी ग्राम पंचायतों को खुले में शौच से मुक्त कराने समेत सामाजिक कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने के लिए इगलास के ग्राम पंचायत बहादुरपुर की प्रधान माया देवी को आठ मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सम्मानित करेंगे।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) उत्तर प्रदेश के तहत प्रधान माया देवी को स्वच्छता के क्षेत्र में दो वर्ष छह माह का अनुभव है। जिला पंचायत राज अधिकारी पारुल सिसौदिया ने बताया कि मजरों को खुले में शौच से मुक्त कराने के अलावा माया देवी आसपास की ग्राम पंचायतों में ओडीएफ के लिए अपना सहयोग प्रदान कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि माया देवी ने ग्राम पंचायत में श्मशान भूमि का निर्माण, अपनी भूमि दान कर पुलिस चौकी का निर्माण, 16 फीट सीसी रोड निर्माण, जल निकासी के लिए नाली का निर्माण कराया है। वहीं, प्रधान ने पेयजल के लिए 10 हैंडपंप लगवाए हैं।