बस की चपेट में आए दंपति, महिला की मौत
ब्यूरो,अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के सासनी गेट थाना क्षेत्र में मथुरा रोड पर बुधवार दोपहर एक कॉलेज के सामने बाइक सवार दंपति को राजस्थान रोडवेज की बस ने रौंद दिया। इस दुर्घटना में महिला की मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से जख्मी हुआ है। इस दुर्घटना के बाद एकत्रित हुई पब्लिक ने बस के चालक को पकड़ लिया और बाद में पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर बस भी थाने में खड़ी करा दी।
वाकये के अनुसार इगलास के गांव कैमावली निवासी किसान लोकेंद्र पाल सिंह की अतरौली के गांव बीशनपुर में रिश्तेदारी है। लोकेंद्र अपनी 40 वर्षीय पत्नी कमलेश देवी संग रिश्तेदारी में हुई गमी में शामिल होने बाइक से गए थे।
दोपहर करीब 11 बजे वह गांव लौट रहे थे, तभी सासनी गेट चौराहे से मथुरा रोड पर आगे निकलते ही एक कॉलेज के सामने पीछे से जाती रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस द्वारा घायल को अस्पताल भेजे जाने के बाद सूचना मिलने पर परिजन भी आ गए। शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। बाकी तहरीर के आधार पर हिरासत में लिए चालक पर कार्रवाई की जा रही है। बेटे अतुल की ओर से इस संबंध में तहरीर दी गई है।