जोन चेकिंग के दौरान कोतवाल हुए ‘गुमशुदा’
ब्यूरो,अमर उजाला, अलीगढ़।
जोन चेकिंग के दौरान क्वार्सी कोतवाली निरीक्षक ‘गुमशुदा’ हो गए। अधिकारी वायरलेस पर उनकी लोकेशन पूछते रहे, लेकिन करीब एक घंटे तक उनका कोई पता नहीं चला। स्थिति यह हो गई कि बाद में जब एसपी सिटी ने जीडी में रपट कराने का फरमान दे दिया, तब यह स्पष्ट हुआ कि वह थाने की जीप में ही नहीं हैं। आखिर इस दौरान कोतवाल कहां रहे, इसे लेकर पुलिसिया हलकों में काफी चर्चाएं हैं।
हर रात पुलिस की जोन चेकिंग में एक कोेतवाली निरीक्षक की ड्य्ूटी लगाई जाती है। मंगलवार की रात में क्वार्सी के कोतवाली निरीक्षक की जोन चेकिंग में ड्य्ूटी थी। इस दौरान जब एसपी सिटी ने वायरलेस पर उनकी लोकेशन जानी तो उनका कोई जवाब नहीं आया और न ही कोई लोकेशन बताई गई।
इस पर एसपी सिटी कई बार वायरलेस पर यह पूछते रहे कि आखिर कोतवाली निरीक्षक कहां हैं तो कई बार पूछने पर भी कोई उत्तर नहीं मिला। इससे नाराज होकर एसपी सिटी ने वायरलेस पर ही यह चेतावनी दे डाली कि यदि कोतवाल ने अपनी लोकेशन नहीं बताई तो रपट दर्ज करा दी जाएगी। परिणामस्वरूप कोतवाल के हमराही पुलिसकर्मियोें ने यह जवाब दिया कि कोतवाल जीप में नहीं हैं।
उनके स्थान पर सब इंस्पेक्टर नाइट अफसर के रूप में जीप में सवार हैं। ऐसे में एसपी सिटी तमतमा गए और उन्हें खोजने के निर्देश दे डाले। मगर देर रात उनका पता न चला। ऐसे में सवाल है कि आखिर कोतवाल ड्यूटी से कहां गुम रहे। इसे लेकर विभाग में खासी चर्चाएं रहीं। इस विषय में एसपी सिटी इतना ही कहते हैं कि यह एक रुटीन प्रक्रिया है।