बच्चे की मौत, गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
थाना क्वार्सी के सुरेंद्र नगर स्थित शांति नगर निवासी लालाराम के चार साल के बेटे रोहित को उल्टी, दस्त हो गए। वह बच्चे को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां एक डाक्टर ने उसे इंजेक्शन लगा दिया। इससे उसकी तबियत और बिगड़ गई।
वह बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराने के लिए गिड़गिड़ाते रहे, लेकिन उनकी फरियाद किसी ने नहीं सुनी। बेबस पिता अपने बेटे को लेकर दीन दयाल अस्पताल पहुंचे। यहां भी भर्ती नहीं किया गया। थक-हारकर पिता घर पहुंच गए, जहां बेटे की मौत हो गई। लालाराम ने चिकित्सकों पर लापरवाही व गलत इंजेक्शन लगाने से बच्चे की मौत का आरोप लगाया है। वहीं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों व डॉक्टरों ने आरोप को गलत बताया है।