मीट पकाने के विवाद में पत्नी ने खाया जहर, हालात नाजुक
ब्यूरो, अमर उजाला, जलाली।
कस्बे में एक युवक का शाम के खाने में मीट बनाने को लेकर पत्नी से विवाद हो गया। जिसके बाद नाराज पत्नी ने विषाक्त का सेवन कर लिया। परिजनों ने आनन फानन में महिला को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। करीब छह माह पूर्व ही दोनों की शादी हुई थी।
कस्बे के मोहल्ला मुबारिक निवासी युवक अजय पुत्र छीतर सिंह बुधवार शाम मीट लेकर घर पहुंच गया। जहां मीट देखकर उसकी पत्नी संतोषी बुरी तरह भड़क गई।
घर में मीट पकाए जाने पर कड़ा एतराज जाहिर करते हुए घर में मीट ना पकाए जाने का ऐलान कर। नोंकझोंक के बाद युवक मीट लेकर घेर में पकाने चला गया।
कुछ ही देर बाद जब वह मसाला लेने के लिए वापस घर लौटा तो पत्नी ने मसाला देने से भी मना कर दिया। इसी बात पर फिर से दोनों में विवाद हो गया। चर्चा है कि पति ने इस बात पर पत्नी से मारपीट भी कर दी। जिसके कुछ देर बाद पत्नी ने विषाक्त का सेवन कर लिया।
आनन फानन में परिजन उसे लेकर अलीगढ़ दौड़े। जहां निजी अस्पताल में पत्नी हालात नाजुक बनी हुई है। वहीं 100 नं की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, लेकिन तब तक परिजन महिला को लेकर जा चुके थे। चौकी प्रभारी अमरेश सिंह ने बताया कि महिला बेहोश थी, लिहाजा उसके बयान नहीं हो सके थे, हालांकि इस संबंध में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।