कोविड अस्पतालों में मरीजों की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले 24 घंटे में 11 मरीजों की मौत की सूचना है। हालांकि, मौत को लेकर अधिकारियों ने चुप्पी साध ली है। बृहस्पतिवार को 209 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं।
पिछले 24 घंटे में पं. दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय (एल-2) में 9 मरीजों की मौत हुई है। यहां पर नौरंगाबाद स्थित संजय गांधी कॉलोनी निवासी 45 वर्षीय महिला, इगलास की 59 वर्षीय महिला, नींवरी देहली गेट के 72 वर्षीय बुजुर्ग, एम विहार कॉलोनी का युवक, विजयगढ़ की 51 वर्षीय महिला, फर्रुखाबाद का 30 वर्षीय युवक, विद्यानगर के 85 वर्षीय बुजुर्ग, रघुवीरपुरी के 65 वर्षीय बुजुर्ग एवं जयगंज के व्यक्ति की मौत हुई है।
इसके अतिरिक्त मंगलायतन स्थित एल-1 अस्पताल में बाजगढ़ी इगलास के 51 वर्षीय व्यक्ति की मृत्यु हो गई। मरीज कैंसर का भी मरीज था। चिकित्सकों का कहना है कि मरीज को एल-1 से एल-2 अस्पताल में भेजा गया था। जीटी रोड स्थित जीवन ज्योति अस्पताल में स्टेट बैंक कॉलोनी, गांधी पार्क निवासी 49 वर्षीय व्यक्ति की मौत हुई है।