कस्बा जट्टारी के अलीगढ़-पलवल हाईवे स्थित रॉयल सिटी कॉलोनी में बुधवार शाम दसवीं के छात्र ने पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी। जानकारी के अनुसार ध्रुव (14) पुत्र अरुण कुमार निवासी रॉयल सिटी कॉलोनी कस्बा के एक निजी विद्यालय में दसवीं का छात्र था। बुधवार को विद्यालय की छुट्टी होने के बाद अपने घर आ गया।
इस दौरान छात्र की माताजी अपनी बेटी (मृतक की छोटी बहन) के साथ कस्बा में एक उद्घाटन समारोह में गईं हुईं थीं। पिताजी अपने प्रतिष्ठान पर थे। शाम करीब साढ़े छह बजे परिजनों ने छात्र को फोन किया तो उसने जवाब नहीं दिया। उन्होंने छात्र की खोजबीन की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। शाम सात बजे परिजन घर आए तो पाया कि दरवाजा बंद है। शक होने और बराबर के मकान से अपने घर में कूदे। वहां दूसरी मंजिल पर ध्रुव कमरे में पंखे से लगाए गए फंदे से लटका था। यह देख कर परिजनों की चीख निकल गई। सूचना पर आसपास के लोग व परिजन एकत्रित हो गए। देर शाम तक परिजनों ने पुलिस को इसकी कोई सूचना नहीं दी थी और अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। चौकी प्रभारी संजीव चौहान ने बताया कि पुलिस के पास इसकी कोई सूचना नहीं आई है।