न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
गांधी पार्क बस स्टैंड के बाहर अंडे की ढकेल लगवाने के लिए दो भाजपा नेता एक दूसरे के सामने आ गए हैं। इनमें से एक संगठन के पदाधिकारी हैं तो दूसरे जनप्रतिनिधि बताए जा रहे हैं। मामला सत्ताधारी पार्टी के नेताओं का होने के कारण रोडवेज के कर्मचारी असमंजस की स्थिति में हैं। किसकी माने और किसे मना करें वह यह निर्णय नहीं कर पा रहे हैं।
गांधी पार्क बस स्टैंड पर माता मंदिर से कुछ दूरी पर एक अंडे की ढकेल लगती है। पिछले कुछ समय पूर्व भाजपा जनप्रतिनिधि की शिकायत पर इसे रोडवेज के अधिकारियों ने हटवा दिया। इसकी शिकायत ढकेल स्वामी ने संगठन के पदाधिकारी से की। संगठन के पदाधिकारी ने रोडवेज के अधिकारियों पर बस स्टैंड पर ढकेल लगवाने का दबाव बनाया।
इस पर रोडवेज के कर्मचारियों ने जनप्रतिनिधि द्वारा मना करने की बात से अवगत कराया। साथ ही बताया कि माता का मंदिर पास ही होने के कारण लोगों की भावनाएं तो आहत होती हैं साथ ही जब अधिकारी बस स्टैंड के सामने से गुजरते हैं तो वह भी डांट लगा देते हैं। इसलिए ढकेल स्वामी को कहा था कि वह बस स्टैंड पर ढकेल को न लगाए वह बस स्टैंड से इधर-उधर ढकेल लगाकर अपना जीवन यापन कर सकता है, लेकिन ढकेल स्वामी और संगठन के पदाधिकारी पुराने स्थान पर ही ढकेल लगाने की जिद पर अड़ गए हैं।
रोडवेज के कर्मचारियों ने भाजपा नेताओं के आमने-सामने आने की जानकारी अपने अधिकारियों को भी दी है। रोडवेज के अधिकारी भी मामला सत्ताधारी पार्टी के नेताओं से जुड़े होने के कारण चुप्पी साधकर बैठ गए हैं।