न्यूज डेस्क, अमर उजाला अलीगढ़।
जिले में यूपी बोर्ड परीक्षा को नकल विहीन संपन्न कराने के लिए निकले 14 सचल दलों ने शनिवार को बड़ी कार्रवाइयां कीं। इन कार्रवाई में दो छात्र रेस्टीकेट हुए। अनियमितता पर पांच केंद्र व्यवस्थापक बदले गए। चार परीक्षाकेंद्रों को डिबार करने की संस्तुति की गई तो पूरे जिले में तीन फर्जी छात्र और दो केंद्र व्यवस्थापकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया।
अपर जिलाधिकारी अजय श्रीवास्तव व एसपीआरए मणिलाल पाटीदार ने अतरौली के जनता आदर्श शिक्षा समिति इंटर कालेज नगला बाटुल पर एक परीक्षार्थी को पकड़ा। जिसने खाली ए कापी में रुपये लगा रखे थे और बी कापी में कुछ लिख रखा था। इसके चलते केंद्र से केंद्र व्यवस्थापक को हटा दिया गया है।
छात्र को रेस्टीकेट कर दिया गया और परीक्षा केंद्र को डिबार करने की संस्तुति की गई है। जिला पर्यवेक्षक आईपीएस सोलंकी को सम्राट अशोक इंटर कालेज धनसारी में सीटिंग प्लान ठीक नहीं मिला। जिसके क्रम में केंद्र व्यवस्थापक को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर दिया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. धर्मेंद्र शर्मा को छर्रा के सोरन सिंह रोरिया इंटर कालेज में सीसीटीवी कैमरों की पूर्व की रिकार्डिंग (हार्डडिस्क) नहीं मिली।
इसी के साथ सह केंद्र व्यवस्थापक बिना पूर्व अनुमति के परीक्षाकेंद्र से गैरहाजिर रहा। सह केंद्र व्यवस्थापक पर प्रश्नपत्रों की सुरक्षा में की गई लापरवाही के चलते डीआईओेस ने प्रबंधक को मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए। इसी के साथ इस केंद्र को डिबार करने की संस्तुति भी की गई है।
1442 रामकली उच्चतर माध्यमिक विद्यालय विजयगढ़ में सीसीटीवी कैमरों एवं वायरिंग चोरी की घटना से प्रश्नपत्रों, उत्तरपुस्तिकाओं एवं गोपनीय सामग्री की सुरक्षा में गंभीर चूक होने के चलते केंद्र व्यवस्थापक को कार्यमुक्त कर दिया गया है। इसी के साथ उत्तरदायी व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं इस परीक्षा केंद्र को डिबार करने की संस्तुति भी की गई है।
परीक्षाकेंद्र 1483 सोहन लाल अशर्फी देवी इंटर कालेज तोछी के दौरान परीक्षा कक्षों में परीक्षार्थी सीटिंग प्लान के अनुरूप नहीं बैठे थे। वाइस रिकार्डिंग भी नहीं चल रही थी। इसके चलते परीक्षा केंद्र को डिबार करने की संस्तुति की गई है।
एडीआईओेस दीप्ति वार्ष्णेय ने बद्री प्रसाद इंटर कालेज समैना ततारपुर में नकल करते दीपक सोलंकी को पकड़ लिया। जिसे रेस्टीकेट कर दिया गया है। इसी के साथ एडीआईओेस ने लापरवाही बरतरहे दो केंद्र व्यवस्थापकों को हटाकर अन्य को तैनात कर दिया है। जबकि छर्रा-अतरौली में पकड़े गए तीन फर्जी परीक्षार्थी पर भी मुकदमा दर्ज हुआ है।