न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा सहायक अध्यापक प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी महिला पुरुष शाखा परीक्षा 2018 रविवार को होने जा रही है। जिले के 20 परीक्षा केंद्रों पर सीसी टीवी कैमरों की निगरानी में होने वाली इस परीक्षा में 9600 अभ्यर्थी सुबह 11.30 से 1.30 बजे तक परीक्षा देंगे। परीक्षा के लिए प्रशासन ने अपनी सभी तैयारियां पूर्ण कर ली है।
इस मामले में पर्यवेक्षक, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सहायक पर्यवेक्षक एवं नोडल अधिकारियों की बैठक लेते हुए डीएम चंद्रभूषण सिंह ने कहा कि लोकसेवा आयोग के निर्देशानुसार पर सभी केंद्रों पर बिजली, पानी, शौचालय और सीसीटीवी कैमरे की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जायें।
परीक्षा केन्द्र में सभी प्रकार के इलेक्ट्रानिक उपकरण ले जाने एवं केंद्रों से 500 मीटर की परिधि के अंदर ध्वनि यंत्रों पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा इसके साथ सभी फोटोस्टेट मशीन एवं फैक्स की दुकानों को बंद रखा जायेगा। कुछ विद्यालयों को प्रधानाचार्य ने जानकारी दी कि विद्यालय परिसर में पानी भरा है, उसे निकालने की व्यवस्था करायी जाय। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन विद्यालयों में पानी भरा है उन्हें पंप लगाकर हटाया जाय। परीक्षा के दिन सुबह 11 बजे मुख्य द्वार खोल दिये जायें और 11.40 पर गेट बंद कर दिये जायें।
परीक्षा के दौरान शौचालय जाने के समय परीक्षार्थी अपनी उत्तर पुस्तिका मेज पर रखकर जायेंगे एवं 1 बजे के बाद कोई भी कक्ष के बाहर नहीं जायेगा। इस मौके पर एडीएम सिटी एसबी सिंह, एडीएम वित्त उदय सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट सचिन कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट जोगिंदर सिंह समेत अन्य अफसर मौजूद थे।
आज होगी एलटी ग्रेड परीक्षा के कक्ष निरीक्षकों की बैठक
लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित एलटी ग्रेड शिक्षकों की परीक्षा के संबंध में डीआईओएस ने पत्र जारी कर कक्ष निरीक्षकों को आज (शनिवार) परीक्षा से संबंधित बैठक में प्रतिभाग करने के निर्देश दिए हैं। वहीं इस बैठक में कक्ष निरीक्षकों की प्रतिभागिता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित प्रधानाचार्यों व प्रधानाध्यापकों को कार्यमुक्त करने के निर्देश दिए हैं।