क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
क्वार्सी इलाके में शुक्रवार को औषधि विभाग ने पुलिस के सहयोग से पकड़े गए बिना लाइसेंस के चल रहे मेडिकल स्टोर का संचालक शनिवार को जेल भेज दिया। उसके खिलाफ अवैध रूप से मेडिकल स्टोर चलाने का मुकदमा दर्ज कराया गया था।
मंडल की सहायक औषधि आयुक्त राकेश कुमारी राजपूत ने बिना लाइसेंस या बगैर फार्मेसिस्ट अवैध रुप से दवा की दुकानें चलाने वालों के खिलाफ कई टीम गठित कीं। इसमें ड्रग इंस्पेक्टर अलीगढ़ हेमंत चौधरी, ड्रग इंस्पेक्टर हाथरस दीपक कुमार, ड्रग इंस्पेक्टर एटा आशुतोष चौबे व अन्य कर्मी शामिल थे।
शुक्रवार को विभाग को सूचना मिली कि क्वार्सी के रजा नगर 25 फीट रोड पर अवैध रूप से मेडिकल स्टोर चलाया जा रहा है। इसके बाद औषधि विभाग की टीम वहां पर पहुंची। यहां दुकानदार तसद्दुक अली खान पुत्र बाबू खान, रजा नगर क्वार्सी बिना लाइसेंस के ही मेडिकल स्टोर चला रहा था। विभाग की ओर से दी गई तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। शनिवार को उसे जेल भेज दिया गया है।