न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (अमुटा) का चुनाव 26 अप्रैल को निर्धारित है। 1200 से अधिक शिक्षक मतदाता अध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव एवं कार्यकारिणी सदस्यों का चुनाव करेंगे। निवर्तमान अध्यक्ष प्रो. मुजाहिद बेग ने तमाम तरह की अटकलों पर विराम लगाते हुए स्पष्ट किया कि नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का चुनाव दो साल के लिए होगा।
दरअसल अमुटा का चुनाव पिछले वर्ष ही होना था, लेकिन पूर्व कुलपति ले. जनरल (सेवानिवृत्त) जमीरउद्दीन शाह एवं अमुटा नेताओं के बीच टकराव एवं फंड रोके जाने सहित अन्य कई कारणों से पिछले वर्ष चुनाव नहीं हो सका था।
नियमानुसार अमुटा पदाधिकारियों का निर्वाचन दो साल के लिए होता है। इसलिए इस बार कैंपस में यह सवाल उठ रहा है कि इस बार जो पदाधिकारी निर्वाचित होंगे, उनका कार्यकाल एक वर्ष होगा या दो वर्ष। इस संबंध में साफ-साफ कुछ कहने से मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. नईम अहमद खान भी बच रहे हैं। निवर्तमान अध्यक्ष प्रो. मुजाहिद बेग ने स्पष्ट किया कि निर्वाचित पदाधिकारियों का कार्यकाल दो साल का होगा।
मतदाताओें से संपर्क कर रहे प्रत्याशी
अमुटा चुनाव में अध्यक्ष पद पर रोमांचक मुकाबला होने की उम्मीद है। एएमयू के चार दिग्गज शिक्षक नेता हामिद अली, इमरान सलीम, मो. शकील अहमद एवं शादाब खुर्शीद अध्यक्ष पद के दावेदार हैं। वहीं सचिव पद पर नजमुल इस्लाम एवं आदम मलिक खान तथा संयुक्त सचिव पद पर मो. शादाब खान एवं एम कलीमउल्लाह के बीच आमने-सामने की टक्कर है। कार्यकारिणी सदस्य के 8 पदों के विरुद्ध 10 शिक्षक नेता मैदान में हैं।