मैरिज होम, आवासीय भवन भी बना दिए गए परीक्षा केंद्र
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
यूपी बोर्ड परीक्षा में जिले में मैरिज होम और आवासीय भवन को भी परीक्षा केंद्र बना दिया गया है। शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह के विधानसभा क्षेत्र अतरौली के अलावा छर्रा, गंगीरी, इगलास, गभाना आदि इलाकोें में ऐसे विद्यालय परीक्षा केंद्र बन गए हैं, जो कि शासन के मानकों को पूरा नहीं कर रहे।
यूपी बोर्ड परीक्षा में शासन इस बार यह दावा कर रहा है कि नकल नहीं होने दी जाएगी। पिछले शैक्षिक सत्र में गड़बड़ी के आरोपी जिले के 25 प्रधानाचार्यों के निलंबन और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश देकर शासन यह संदेश भी दे चुका है लेकिन इसके बाद भी अतरौली क्षेत्र में नकल माफिया इस बार भी नकल कराने की जुगत में है।
इसी के चलते देहात के ऐसे विद्यालय परीक्षा केंद्र बना दिए गए हैं, जोकि मानकों पर खरे नहीं उतर रहे। वहां पक्की बिल्डिंग, फर्नीचर, पर्याप्त स्टाफ से लेकर सीसीटीवी कैमरे आदि नहीं हैं। इन विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाने से पहले माध्यमिक शिक्षा महकमे के अलावा प्रशासनिक अधिकारियोें ने भी निरीक्षण किया तो किसी विद्यालय को मैरिज होेम के रूप में पाया तो कहीं प्रबंधक का निवास मिला।
सूत्रों की मानें तो एसडीएम अतरौली ने अपनी आख्या में दोे ऐसे विद्यालयों का जिक्र भी किया, जिसमें एक भवन में प्रबंधक का निवास था। वहीं दूसरे के भवन में शादी विवाह हेतु मैरिज होेम बना हुआ था। अब यह दोनों विद्यालय भी परीक्षा केंद्र बना दिए गए है।
इस बारे में पता किया गया तो पाया गया कि मैरिज होेम का हिस्सा विद्यालय से अलग है। वहीं प्रबंधक का आवास भी उस विद्यालय में अस्थायी था। बाद में जब निरीक्षण किया गया तो ऐसी स्थिति नहीं पाई गई। नकल रोेकने के सभी प्रबंध किए जा रहे हैं।
- डॉ. धर्मेंद्र शर्मा, डीआईओएस