मां-बाप की डांट से क्षुब्ध होकर दिल्ली चला गया था सचिन
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
थाना क्वार्सी पुलिस ने एसओजी के सहयोग से 12 दिन पहले लापता हुए किशोर को बरामद कर लिया है। माता पिता की डांट से क्षुब्ध होकर किशोर रूठकर दिल्ली चला गया था। इस मामले में अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया गया था और इसमें किशोर के दोस्त को भी नामजद किया गया था।
क्वार्सी के स्वर्ण जयंती नगर में रहने वाला सचिन राजपूत 11 वीं कक्षा का छात्रा है। उसके पिता हाथरस में सब इंस्पेक्टर हैं। वह स्वर्ण जयंती नगर कावेरी वाटिका में अपनी मां के साथ रहता है। 12 दिन पहले वह घर से किशनपुर तिराहे पर पिज्जा खाने के लिए आया था। इसके बाद घर नहीं लौटा। बरामद होने के बाद संचित ने बताया कि उसका पढ़ने में मन नहीं लगता है। स्पोर्ट्स में मन लगता है। इसी बात पर उसके माता पिता डांटते हैं। इसी बात से क्षुब्ध होकर वह 12 दिन पहले घर से चला गया था।
वह किशनपुर से नुमाइश मैदान पहुंचा। यहां से उसने दिल्ली के लिए बस पकड़ी। दो दिन दिल्ली के रलवे स्टेशन पर रहा। इसके बाद वह रैन बसेरे में रहने लगा। रैन बसेरे वालों को उसने बताया कि उसके पिता पुलिस में थे। एक्सीडेंट में उसके माता पिता की मौत हो गई है। चाचा की डांट और मार से वह तंग आ गया है। एसओजी और क्वार्सी पुलिस उसकी फोटो लेकर और दिखाकर उसे तलाश कर रही थी। इसी क्रम में नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर जानकारी हुई कि इस हुलिए का एक लड़का दो दिन यहां पर रुका था। इस तरह एक के बाद एक कड़ियां जुड़ती गईं और संचित को बरामद कर लिया गया। संचित की बरामदगी की खबर सुनकर माता पिता की आंखों में आंसू आ गए।