आढ़ती से लूट में ड्राइवर ने उगला सच
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
धनीपुर मंडी के आढ़ती संग खैर में हुई लूट के मामले में पुलिस ने काफी हद तक सुराग जुटा लिए हैं। यह लूट आढ़ती के ड्राइवर ने ही कराई थी और बदायूं से इसके लिए बदमाश बुलाए थे।
पुलिस ने इन सुरागों के सहारे धरपकड़ और रकम बरामदगी में जुटी है। उम्मीद है कि शुक्रवार तक पुलिस इस लूट का खुलासा कर देगी।
धनीपुर मंडी के आढ़ती किशनलाल संग हुई लूट के मामले में अगले दिन पुलिस को खैर क्षेत्र में घटना में शामिल काली सफारी लावारिस अवस्था में मिली थी। इसके बाद पुलिस ने सर्विलांस आदि की मदद से भी काफी कुछ साक्ष्य जुटाए थे। जिसके आधार पर ड्राइवर शक के घेरे में आता चला गया।
जब उससे सख्ती से पूछताछ हुई तो उसने भेद खोल दिया। पुलिस सूत्र बताते हैं कि उसने खुद बदायूं के अपराधियों को बुलाकर यह लूट कराई थी और उसी ने आढ़ती को बातों में उलझाकर पुलिस को सूचना देने में देरी कराई थी। उम्मीद है कि आज शुक्रवार को पुलिस इसका खुलासा कर देगी।