फेसबुक पर दोस्ती, शादी का वादा फिर दुष्कर्म
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
अलीगढ़। महानगर के थाना गांधी पार्क इलाके में फेसबुक पर दोस्ती करने और उसके बाद दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित युवती ने इस मामले में थाना गांधी पार्क में मुकदमा दर्ज कराया है।
दिल्ली की एक युवती वहां बैंक में काम करती है। इस वर्ष के शुरू में फेसबुक पर उसका संपर्क सिकंदराराऊ के युवक से हो गया। फेसबुक पर ही दोनों के विचारों का आदान प्रदान होने लगा। विचारों के साथ ही अंतरंग बातें भी होने लगीं। इसके बाद जब फोन नंबरों का आदान प्रदान हो गया तो वह फोन पर घंटों एक दूसरे से बातें करने लगे। इसी वर्ष जुलाई में दोनों का मिलना तय हुआ।
युवक ने गांधी पार्क इलाके में ही एक महिला के घर पर उसे मिलने बुलाया। यहां पर युवक और युवती एकांत में मिले तो युवक ने अंतरंगता बनाने की पेशकश की। युवती ने असहजता जताई तो युवक ने उसे भरोसा दिलाया कि वह उससे शादी करेगा। इसके बाद वह सभी सीमाएं लांघ गए। इस घटना के बाद युवती का आरोप है कि युवक ने शादी करने से इंकार कर दिया। युवती के दबाव डालने पर युवक ने उसके साथ अभद्रता भी कर दी। इस घटना के संबंध में आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।