अफसर न सुने तब समाधान दिवस में आए फरियादी
ब्यूरो,अमर उजाला,अलीगढ़।
यदि आपको किसी विभाग से शिकायत है तो लिखित शिकायत लेकर संबंधित विभाग के अफसर से मिलें। यदि फिर भी शिकायत का निस्तारण न हो तभी संपूर्ण समाधान दिवस में आएं।
यह सलाह बरौली विधायक ठा. दलवीर सिंह ने कृष्णांजलि नाट्यशाला में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान फरियादियों को दी। डीएम के साथ संयुक्त रूप से शिकायतों की सुनवाई कर रहे बरौली विधायक ने ग्रामीणों से पूछा था कि क्या वह इन शिकायतों के मामले में संबंधित विभाग के अधिकारी से मिले थे।
जवाब मिला नहीं हम तो सीधे यही आ गए हैं। यह सुनकर विधायक ने कहा कि पहले संबंधित अफसर से मिलें। सभी अधिकारी प्रात: नौ से ग्यारह बजे तक कार्यालय में मिलते हैं। जनता की शिकायतों का निस्तारण करना उनका दायित्व है।
डीएम ऋषिकेश भास्कर याशोद ने सभी अफसरों को शिकायतों का समय से पूरी गुणवत्ता के साथ निस्तारण करने को कहा। इस अवसर पर कुल 78 जन शिकायतें पंजीकृत हुईं। इनमें राजस्व की 34, पुलिस की 6, विकास की 26 एवं अन्य 12 शिकायतें थीं।
इस दौरान एसएसपी राजेश कुमार पांडेय, एसडीएम कोल डॉ.पंकज वर्मा, ठा. विजय प्रताप सिंह, डीपीआरओ पारुल सिसौदिया, सीएमओ डॉ. एमएल अग्रवाल एवं अन्य अफसर मौजूद थे।