जोरदार झटका देने की तैयारी में नीटू का खेमा
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
जिला पंचायत अध्यक्ष एवं भाजपा नेता उपेंद्र सिंह नीटू का खेमा 11 साल से अजेय अपना विजयरथ आगे बढ़ाने के लिए अंदर ही अंदर तैयारी कर रहा है। इस गुट के समर्थन में पूर्ण बहुमत होने की बात कही जा रही है।
इस गुट के एक खास राजनीतिक सलाहकार की मानें तो बिना बोले ही हम अपना काम पूरा करेंगे। क्योंकि ये चुनाव जनता के बीच न होकर केवल जिला पंचायत सदस्यों के बीच होना है, इसलिए बढ़-चढ़ कर बोलने से कोई लाभ नहीं है। छह अक्तूबर को दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। इस गुट को 52 सदस्यों वाले जिला पंचायत सदन में 27 सदस्यों का समर्थन चाहिए। जिसके लिए तैयारी पूरी कर ली है।
इधर, विरोधी खेमे ने नरेंद्र वर्मा को अपना नेता चुन लिया है। इस गुट ने अपने समर्थन में पूर्ण संख्याबल होने की बात कही है। इस गुट को पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं वर्तमान जिपं सदस्य चौ. सुधीर सिंह और अजित गौड़ के साथ अन्य कुछ लोगों का समर्थन प्राप्त है।
गौर हो कि जिला प्रशासन को पेश किए गए दावे में दोनों ओर से जो सूची दी गई है, उसमें 13 जिपं सदस्य दोनों ओर से शामिल थे। दोनों खेमों ने इनका समर्थन अपने पास होने का दावा किया था। अब पूरा दारोमदार ही इनके ऊपर होगा। ये जिस ओर करवट लेंगे, वही खेमा मजबूत होगा।