नगला मसानी में एक भाई ने बहन के पर्स से घर की चाबी लेकर बक्से में रखे 1.67 लाख रुपये, पायलें, कर्दनी चोरी कर ली। उसे चोरी करते हुए उसकी पांच साल की भांजी ने देख लिया। घर में उस समय वह दोनों ही थे। रात में बहनोई दरबार सिंह व उसकी पत्नी पूनम घर आए तो बेटी ने पूरी बात बताई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
अलीगढ़ में देहली गेट के नगला मसानी में शनिवार रात गोंडा निवासी एक युवक अपने ही बहन-बहनोई के घर से 1.67 लाख रुपये नकदी व जेवर चोरी कर ले गया। चोरी करते समय उसकी पांच साल की भांजी ने उसे देख लिया और पुलिस को सच बता दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की गई नकदी व जेवर बरामद कर लिया है।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार नगला मसानी निवासी दरबार सिंह की बड़ी बेटी की अगले माह शादी है। बेटी की शादी के लिए दरबार सिंह ने शुक्रवार को एक प्लाट बेचा था। जिसकी रकम 1.67 लाख रुपये घर में ही रखी थी। शनिवार शाम दरबार सिंह का साला विष्णु निवासी मादर गोंडा यहां आया। जब वह आया तो उसकी पांच वर्षीय भांजी घर में अकेली थी।
इसी दौरान अपनी बहन के पर्स में से घर की चाबी लेकर बक्से में रखे 1.67 लाख रुपये, चांदी की पायलें, कर्दनी आदि चोरी कर निकल गया। रात में दरबार सिंह व उसकी पत्नी पूनम घर आए तो बेटी ने पूरी बात बताई। इस पर तत्काल पुलिस को सूचना दी। खबर पर हरकत में आई पुलिस ने बच्ची के बयान के आधार पर विष्णु को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो वह सच उगल गया और चोरी का पूरा माल बरामद करा दिया।