अलीगढ़ के प्रॉपर्टी डीलर से खैर में बदमाशों ने तमंचे के बल पर 1.20 लाख रुपये लूट लिए। बदमाश बाइक सवार पर थे। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस तलाश में जुटी लेकिन कोई हाथ नहीं लगा।
अलीगढ़ के रामनगर निवासी परमेश्वर दयाल पुत्र ठाकुरदास प्रॉपर्टी का काम करते हैं। बुधवार को वह अपने बेटे अमित के साथ गांव ईखू निवासी अपने मुसिया ससुर राम किशोर से अपने बेटे अभिलाश की बी टेक की फीस जमा करने के लिए 1 लाख 25 हजार रुपये लेने आया था। राम किशोर अपने साथ बैंक एक साथी पुनित को ले गया और उसके खाते से रुपये निकालकर परमेश्वर को दे दिए। वह दोपहर में रुपये लेकर अलीगढ़ के लिए चले थे। रास्ते में चौधाना भट्ठा के निकट दो बाइक पर सवार चार बदमाश आए और उनकी बाइक को ओवरटेक करने के बाद रोक दिया।
उनको तमंचा दिखाकर एक लाख 20 हजार रुपये लूट ले गए। पांच हजार रुपये अलग दूसरी जेब में रखे थे जो बच गये। पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। जिस पर सीओ, इंस्पेक्टर मौके पर पहुंच गए तथा जानकारी की। परमेश्वर का आरोप है कि पहले तो पुलिस ने उनकी तहरीर लेने से मना कर दिया, लेकिन रात करीब 9 बजे थाने पहुंचे जब पुलिस ने इस मामले की तहरीर ली। इंस्पेक्टर खैर का कहना है कि इस मामले में तहरीर मिल गई, मामले की जांच की जा रही है।