एक ही गोत्र के प्रेमी युगल का शादी करना समाज के कुछ दबंग लोगों को खटक रहा है। शादी के लिए परिवार तो राजी हो गया लेकिन कुछ दबंग युवती के परिजनों पर शादी तोड़ने का दबाव बना रहे हैं। इससे दोनों परिवार दहशत में हैं।
अलीगढ़ जिले के गांव किनुआ निवासी एक युवती बीएससी सेकेंड ईयर की छात्रा है। उसका जौहरा निवासी एक युवक से प्रेम संबंध है। 16 फरवरी को दोनों ने अलीगढ़ जाकर कोर्ट मैरिज कर ली। पहले तो दोनों के परिजनों ने इसका विरोध किया लेकिन बाद में वे राजी हो गए।
युवती के परिजनों ने 22 फरवरी को मंदिर में दोनों के फेरे डलवाए और बेटी को ससुराल भेज दिया। इस पर कुछ दबंग लोगों ने विरोध शुरू कर दिया है। मंगलवार को कुछ लोग लड़कीवालों के यहां पहुंचे और शादी तोड़ने का दबाव बनाने लगे।
परिजनों ने बताया कि दबंग परिणाम भुगतने के धमकी देकर गए हैं, जबकि पुलिस ने इस मामले से अनभिज्ञता जाहिर की है।