दिल्ली में एक पिज्जा डिलीवरी ब्वॉय कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इससे दूसरे शहरों में काम करने वाले डिलीवरी ब्वॉय दहशत में आ गए हैं। उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित आगरा में तो ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी जोमैटो के कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर दिया है।
विज्ञापन
जोमैटो के डिलीवरी ब्वॉय ने कंपनी के स्थानीय प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शुक्रवार को भगवान टॉकीज चौराहे पर एकत्र हुए डिलीवरी ब्वॉयज का कहना था कि कंपनी ने उनके स्वास्थ्य को लेकर कोई इंतजाम नहीं किए हैं। हम लोगों को न मास्क दिए गए और न ही सैनिटाइजर।
डिलीवरी ब्वॉय ने बताया कि कंपनी के एप पर ग्राहक को यह बताया जा रहा है कि हमारी रोज जांच होती है। सैनिटाइजर उपलब्ध कराया जा रहा है, जबकि ऐसा कुछ भी नहीं है। इनका आरोप है कि इन्हें न तो मास्क मिले हैं और न ही सैनिटाइजर। ऐसे में इनको और इनके परिवार को खतरा है।
कंपनी के डिलीवरी ब्वॉय का यह भी आरोप है कि शिकायत करने पर उन्हें नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है। इसलिए शहर के डिलीवरी ब्वॉय ने यह फैसला लिया है कि जब तक कंपनी उनकी सुरक्षा का ख्याल नहीं रखेगी, वे लोग काम नहीं करेंगे।