बारावफात का पाक मौका और रक्तदान। नई सोच ने यह संयोग उपस्थित किया। यह अनूठी पहल मदरसा तालीमुल कुरान सोसाइटी ने की। सोच यह कि खुशी के मौके पर उनका भी ख्याल रखा जाए जिनकी जान खतरे में है। अमर उजाला फाउंडेशन ने सहयोग किया। अछनेरा स्थित मदरसा में लगे शिविर में 16 उत्साही युवकाें ने रक्तदान किया। यह रक्त जरूरतमंदों के लिए एसएन मेडिकल कालेज ब्लड बैंक में जमा किया गया।
रविवार को सुबह ईद मिलादुन्नबी का जुलूस निकाला। दोपहर में जुहर नमाज अदा करने के बाद उत्साही युवकों ने कैंप की ओर कदम बढ़ाए। एसएन मेडिकल कालेज की डा. मेघा और डा. रोहित ने इनका चेकअप किया। अमर उजाला फाउंडेशन ने सभी 16 महादानियाें को प्रशस्ति पत्र देकर सलाम किया। क्योंकि सवाल संख्या नहीं, सोच का था। ऐसी ही पहल समाज को नई राह दिखाती है। कमेटी अध्यक्ष इस्माइल उस्मानी और सचिव कलीमुल्लाह खान ने रक्तदान को सच्ची समाजसेवा और इबादत बताया। रक्तदाताआें में इरफान उस्मानी, अरशद, इंतजार अहमद, आबिद उस्मानी, शकील अहमद, गड्डू अंसारी, जावेद उस्मानी, बल्लू मुनीरी, अशरफ उस्मानी, शहफुल्ला खान, इमरान उस्मानी, साजिद, इरफान खान, अशफाक, शहंशाह उस्मानी, जकीउल्लाह खान शामल रहे।
और यहां भी 35 ने किया महादान
रक्तदान को लोग कदम बढ़ाने लगे हैं। इसी पहल में संदेश फाउंडेशन ने कदमताल किए। रविवार को समर्पण ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर लगाया। युवाओं में जोश देखते ही बनता था। 35 महादानियाें ने रक्तदान किया। शिविर में संस्था अध्यक्ष मोहित अग्रवाल, आनंद अग्रवाल, आशीष, अभिनव, राजीव, रवि, सोनू, जीतू रहे।