आगरा। कोतवाली थाना क्षेत्र के सेब का बाजार में बृहस्पतिवार शाम एक ज्वेलर्स की दुकान पर ग्राहक बनकर आए युवकों ने चांदी के 10 कड़े चुरा लिए। शक होने पर एक को दबोच कर पुलिस को सौंप दिया गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। कमल ज्वेलर्स के प्रबंधक देवांश जैन ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम लगभग 6 बजे एक व्यक्ति दुकान पर चांदी का कड़ा देखने के बहाने आया। कुछ देर में उसके चार अन्य साथी भी आ गए। देखने के दौरान चांदी के 10 कड़े चोरी कर दुकान से निकलने लगे। कर्मचारी शौर्य ने एक आरोपी को कड़ा जेब में रखते देख लिया। कर्मचारी के शोर मचाने पर लोगों ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया, अन्य भाग गए। उसने पुलिस को अपना नाम शालू उर्फ खलीकुद्दीन निवासी नहरा वाली गली, थाना नाई की मंडी बताया।
तलाशी में आरोपी के पास दो कड़े बरामद हुए। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरी की पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है। कोतवाली थाना प्रभारी का कहना है कि आरोपी को हिरासत में लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई है। उसके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।