कासगंज। क्षेत्र के भिटौना गांव निवासी युवक ने गांव के ही आरोपियों पर मारपीट और मकान को ध्वस्त कर सामान लूटने का आरोप लगाया है। युवक का कहना है कि आरोपी उसके पिता की संपत्ति पर अवैध कब्जा करना चाहते हैं। न्यायालय के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में केस दर्ज किया गया है।
नगला गोकुल, भिटौना निवासी रजनीकांत (21) ने बताया कि तकरीबन 19 साल पहले उसके पिता की मृत्यु हो चुकी है। पिता की मौत के बाद से गांव के ही सत्यप्रकाश, रेखा, शिवकुमार और कमल सिंह उसके पिता की संपत्ति पर कब्जा करना चाहते हैं। 28 नवंबर को आरोपियों ने घर से घूमने जाते वक्त रजनीकांत की लाठी - डंडों से पिटाई कर दी और उसकी जेब में रखे 250 रुपये और कागजात लूट लिए। बचाव में रजनी कांत ने चीख पुकार की। आवाज सुन लोगों को आता देख आरोपी उसे गाली गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। इसके बाद पीड़ित थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने गया, लेकिन पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इससे आरोपियों के हौसले बुलंद हो गए और उन्होंने पीड़ित के घर को ध्वस्त कर घर में रखा सामान और जरूरी कागजात लूट लिए। इसके बाद पीड़ित ने न्यायालय में गुहार लगाई। न्यायालय के आदेश पर कोतवाली में चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में शनिवार को रिपोर्ट दर्ज की गई है। कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र प्रताप गिरि ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं में दर्ज की गई है।