शिकोहाबाद में एक युवक ने फेसबुक पर लाइव आकर आत्महत्या की धमकी दे डाली। जानकारी पर सीओ शिकोहाबाद फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन युवक मकान में अंदर था और वहीं से फेसबुक पर लाइव था। युवक ने पुलिस और प्रशासन को कई घंटे तक खूब छकाया।
यहां का है मामला
मक्खनपुर के गांव नवादा में एक युवक ससुराल में पत्नी और बच्चों के साथ रह रहा है। युवक ने रविवार दोपहर मकान का दरवाजा अंदर से बंद कर पत्नी और बच्चों को कमरे में बंद कर लिया। इतना ही नहीं अपना मोबाइल चालू कर फेसबुक पर लाइव आया। उसने अपना नाम नितिन सेंगर बताया। पहले इधर-उधर की बातें करता रहा फिर उसने आत्महत्या करने की बात कही।
पत्नी के चरित्र पर लगाया आरोप
युवक द्वारा आत्महत्या करने की बात सुनते ही फेसबुक पर लाइव आ रहे उसके मित्रों ने उसे कमेंट करना शुरू कर दिया। युवक कई नेताओं और अपनी पत्नी के चरित्र पर भी आरोप लगा रहा था। युवक द्वारा फेसबुक लाइव आने और आत्महत्या करने की बात कहने की जानकारी होते ही पुलिस और प्रशासन में भी हड़कंप मच गया।