बुधवार की दोपहर बरसाना के गांव जानू में माता मंदिर के पास बाइक सवार दो दोस्तों पर हमलावरों ने गोलियां बरसा दीं। तीन गोली लगने से एक की मौत हो गई जबकि उसकी साथी घायल हो गया है। पुलिस के देर से पहुंचने पर भड़के ग्रामीणों ने खूब हंगामा किया। शव को नहीं उठने दिया था। बाद में पहुंचे अफसरों के समझाने पर लोग शांत हुए।
बरसाना के गांव हाथिया निवासी जमील (23) पुत्र हईक अपने दोस्त आसिफ के संग बाइक से डीग के गांव भीलमका जा रहा था। बुधवार की दोपहर करीब बारह बजे यह दोनों गांव जानू के माता मंदिर के पास पहुंचे तो घात लगाए बैठे युवकों ने फायरिंग शुरू कर दी।
तीन गोली लगने से जमील की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गर्दन में गोली लगने से दोस्त घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना के दो घंटे बाद पहुंची बरसाना पुलिस को ग्रामीणों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। हंगामा करते हुए ग्रामीण बरसाना पुलिस की मिलीभगत का आरोप लगा रहे थे।