एटा जिले में रविवार को घर से शहर जा रहे युवक की दिनदहाड़े गोली मार हत्या कर दी गई। वारदात को बदलने के लिए हत्यारोपी मृतक के पास तमंचा और कारतूस का खाली खोखा डालकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी पाकर एएसपी, सीओ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की रिपोर्ट मृतक के भाई ने अज्ञात हत्यारोपियों के खिलाफ दर्ज कराई है।
थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव बारथर का रहने वाला 25 साल की रवि गोस्वामी पुत्र कैलाशंकर शहर के निधौलीकलां रोड आर्य विद्यालय समीप स्पेलर की दुकान पर काम करता है।
युवक को घेरकर सीने में मारी गोली
रविवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे वो घर से दुकान पर जा रहा था। युवक गांव से कुछ दूर निकलकर सीनियर सेंट पॉल्स स्कूल के पीछे पहुंच पाया था। उसी समय अज्ञात लोगों ने उसे घेर लिया और उसके सीने में गोली मार दी।
इससे लहूलुहान होकर युवक जमीन पर गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद हत्यारोपी मृतक के पास एक तमंचा एवं कारतूस का खोखा डालकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी पाकर परिजन रोते बिलखते हुए मौके पर पहुंच गए। घटना की जानकारी मिलते ही देहात पुलिस के साथ ही अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार एवं सीओ सिटी वरुण कुमार मौके पर पहुंच गए
अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
मृतक के बड़े भाई प्रदीप ने अज्ञात हत्यारोपियों के खिलाफ दर्ज कराई है। गांव के लोगों ने बताया कि रवि काफी सीधा था। उसकी किसी के साथ कोई रंजिश नहीं थी।
अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मामले की रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। पुलिस से जांच कराई जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।