यमुना के घाट पर दोस्तों के संग आए युवक ने पूजा की। इसके बाद उसने अचानक नदी में छलांग लगा दी। ये देख दोस्तों के पसीने छूट गए। सूचना पर पुलिस मौके पर आ गई। पुलिस युवक की तलाश में जुटी हुई है।
आगरा के एत्माद्दाैला स्थित सीता राम घाट पर पूजा करने के बाद एक युवक ने यमुना में छलांग लगा दी। दोस्त ने देखा तो शोर मचा दिया। इस पर लोग जुट गए। सूचना पर पुलिस ने गोताखोरों से तलाश कराई लेकिन युवक का पता नहीं चल सका।
विज्ञापन
एटा के जलेसर स्थित गांव गुदाऊ निवासी निखिल तोमर विकलांग मां-बाप के साथ सीता नगर में 5 साल से किराए के मकान में रह रहा था। वह प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। पिता अनिल ने बताया कि पितृपक्ष खत्म होने पर बेटा निखिल सुबह करीब 8 बजे सीताराम घाट पर पूजा सामग्री यमुना में विसर्जित करने गया था। उसके साथ दोस्त हर्ष भी था। उसने यमुना में सामग्री विसर्जित करने के बाद घाट पर पूजा की। इसके बाद हर्ष और निखिल घर जाने लगे। इस बीच निखिल पीछे रह गया।
जब हर्ष ने पीछे की तरफ देखा, तब तक निखिल यमुना में छलांग लगा चुका था। उसने शोर मचाया लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण निखिल तेजी से बह गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गोताखोरों से तलाश कराई लेकिन शाम तक निखिल का कोई पता नहीं चला। एसीपी छत्ता पियूष कांत राय ने बताया कि युवक की तलाश कराई जा रही है। वह यमुना में क्यों कूदा था, इसकी जानकारी नहीं है।