कस्बा बेवर के एक मोहल्ला निवासी युवक ने शुक्रवार शाम को घर में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। जानकारी होने पर घर में कोहराम मच गया है। परिजन खुदकुशी की बजह नहीं बता पा रहे हैं।
मोहल्ला ब्रह्मनान निवासी विमल (38) पुत्र रमेश चंद्र तिवारी शुक्रवार को दोपहर 12 बजे अपनी पत्नी रश्मि को हंसी खुशी मायके जाने के लिए बस स्टैंड छोड़ने गए थे। पत्नी को बस में बैठाने के बाद घर वापस आकर वह छत पर चले गए। शाम को पांच बजे जब मां सरोज देवी छत पर पहुंची तो छत पर पड़े टिन शेड लोहे के पाइप पर लगे फंदे पर विमल का शव लटका मिला। जानकारी होते ही परिवार में चीख पुकार मच गई। मां की चीख सुन अन्य परिजन भी मौके पर आ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक अपने पीछे पत्नी दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। परिवार के लोग भी खुदकुशी की बजह नहीं बता पा रहे हैं। उनका कहना है कि घर में सब कुछ सामान्य था।
-